रांची, एक दिसंबर (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची स्थित एक रेस्तरां के मालिक ने आज सुबह अपने आवास पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान केरल के मूल निवासी शंकर नारायण पी. बद्री (69) के रूप में हुई है, जो कांके पुलिस थानाक्षेत्र के जगतपुरम इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे।
कांके पुलिस थाने के प्रभारी प्रकाश रजक ने कहा, ‘‘शंकर नारायण ने अपने घर के एक कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह भारी कर्ज के बोझ के कारण अवसाद में थे।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कर्ज की सही राशि का अभी पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि शंकर नारायण कई सालों से इलाके में एक दक्षिण भारतीय रेस्टोरेंट चला रहे थे।
शव को पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा अमित नरेश
नरेश