नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) लगातार बढ़ते वैश्विक तापमान के कारण हिमालयी क्षेत्र के पौधे पहाड़ों की अधिक ऊंचाई पर स्थानांतरित हो रहे हैं। यह बात एक अध्ययन में कही गई है।
‘ईकोग्राफी’ नामक पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 1999 से 2022 के बीच, अध्ययन से संबंधित सभी छह क्षेत्रों में वनस्पति रेखा ऊपर की ओर स्थानांतरित हो गई – माउंट एवरेस्ट के क्षेत्र खुंबू में 1.42 मीटर प्रति वर्ष से लेकर मंथांग में 6.95 मीटर प्रति वर्ष तक।
संबंधित अध्ययन ब्रिटेन के एक्सेटर विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं के नेतृत्व में किया गया।
अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के साथ, बर्फ की गहराई में कमी इस परिवर्तन का एक प्रमुख संभावित व्याख्यात्मक कारण हो सकती है।
अध्ययन में कहा गया, ‘‘परिणामों से पता चला कि सभी क्षेत्रों में वनस्पति रेखाओं में लगातार ऊपर की ओर बदलाव हो रहा है, जिसकी दर माउंट एवरेस्ट के खुंबू में 1.42 मीटर प्रति वर्ष से लेकर नेपाल के मानथांग में 6.95 मीटर प्रति वर्ष तक है। वनस्पति की हरियाली का प्रारंभिक स्तर आम तौर पर पश्चिम से पूर्व की ओर बढ़ता गया।’’
अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि पूर्व के अध्ययनों में हिमालयी क्षेत्र में वनस्पति जीवन के विस्तार की बात सामने आई थी, लेकिन यह नया अध्ययन इस ऊर्ध्वगामी प्रवृत्ति का अधिक विस्तृत आकलन और मात्रात्मक विश्लेषण प्रस्तुत करता है
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश