अहमदाबाद, 29 अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने अपने विविधता भरे गेंदबाजी आक्रमण को आईपीएल के मौजूदा सत्र में अपनी टीम की सबसे बड़ी ताकत बताया जो अलग-अलग पिचों का फायदा उठाने में माहिर है।
नयी दिल्ली में पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स को बुरी तरह हराने के बाद गत चैंपियन अब बृहस्पतिवार को यहां नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स का सामना करने के लिए तैयार हैं।
बुधवार को मैच की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में फ्लावर ने कहा, ‘‘हम पावरप्ले में विकेट लेने और विरोधी टीम पर दबाव बनाने में बहुत अच्छे रहे हैं। हमारे सामने चाहे जैसे भी हालात हों, हम उनमें सहज रहते हैं। हमें विश्वास है कि हमारे पास एक ऐसा आक्रमण है जो अलग-अलग पिचों का फायदा उठा सकता है। ’’
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने शानदार प्रदर्शन किया था।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास अनुभवी स्विंग गेंदबाज हैं, हेजलवुड जैसा विश्व स्तरीय तेज गेंदबाज हैं और स्पिनर हैं जिनके पास अलग तरह का कौशल है। यह विविधता हमें खेल के अलग-अलग चरणों में मजबूत विकल्प देती है। ’’
फ्लावर ने बल्लेबाजी इकाई को भी नजरअंदाज नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘‘साथ ही हमारी बल्लेबाजी में काफी गहराई है जिससे टीम आत्मविश्वास से भरी हुई है। यह बल्लेबाजी इकाई किसी भी हालात में अच्छा प्रदर्शन कर सकती है। ’’
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 12 अंक के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर