आरपीएफ ने आठ नाबालिगों सहित 12 लोगों को बचाया

Ads

आरपीएफ ने आठ नाबालिगों सहित 12 लोगों को बचाया

  •  
  • Publish Date - February 2, 2026 / 02:59 PM IST,
    Updated On - February 2, 2026 / 02:59 PM IST

गुवाहाटी, दो फरवरी (भाषा) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अंतर्गत विभिन्न स्टेशन तथा ट्रेन से आठ नाबालिगों सहित 12 लोगों को बचाया है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी।

बयान में कहा गया है कि बचाव अभियान पांच दिन तक जारी रहा और 28 जनवरी को समाप्त हुआ।

बयान में कहा गया है, ‘‘आरपीएफ के दलों ने कई रेलवे स्टेशन पर समन्वित बचाव अभियान संचालित किए जिसमें अकेले यात्रा कर रहे और परेशान पाए गए असहाय यात्रियों को सफलतापूर्वक ढूंढकर सुरक्षित बचाया गया।’’

इन अभियानों के दौरान एनएफआर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्टेशन और ट्रेन से आठ नाबालिगों सहित 12 लोगों को बचाया गया।

बचाए गए मामलों में घर छोड़कर गए नाबालिग लड़के-लड़कियां, बेसहारा बच्चे आदि शामिल थे।

फालाकाटा, लुमडिंग, किशनगंज, रंगिया, न्यू बोंगाईगांव, कामाख्या, कटिहार (पूर्व) और गुवाहाटी सहित विभिन्न स्टेशन पर बड़े बचाव अभियान संचालित किए गए।

सभी नाबालिगों को संबंधित बाल कल्याण इकाइयों और मान्यता प्राप्त बाल देखभाल संगठनों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया, जबकि वयस्कों को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस अधिकारियों के समक्ष पेश किया गया।

भाषा यासिर शोभना

शोभना