कृषि उपज मंडी समितियों में विकास कार्यों के लिए 18.86 करोड़ रुपये मंजूर

Ads

कृषि उपज मंडी समितियों में विकास कार्यों के लिए 18.86 करोड़ रुपये मंजूर

  •  
  • Publish Date - June 18, 2026 / 06:47 PM IST,
    Updated On - June 18, 2026 / 06:47 PM IST

जयपुर, 18 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यभर की कृषि उपज मंडी समितियों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 18.86 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बयान के मुताबिक, जिन विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है, उनमें मंडी यार्ड का निर्माण, संपर्क सड़कों का विकास और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत शामिल है।

बयान में कहा गया है कि ये कार्य सोजत सिटी (पाली), पलसाना और श्रीमाधोपुर (सीकर), बीकानेर अनाज मंडी, मेड़ता सिटी (नागौर) तथा दूदू (जयपुर) सहित विभिन्न मंडी समितियों में किए जाएंगे।

बयान के अनुसार, इन परियोजनाओं का उद्देश्य किसानों और व्यापारियों के लिए बुनियादी ढांचा सुविधाओं में सुधार करना, कृषि उपज के बाजारों तक सुगम परिवहन सुनिश्चित करना और कृषि विपणन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

इसमें कहा गया है कि बेहतर संपर्क व्यवस्था से मंडियों में फसलों की आवक बढ़ने और राजस्व में वृद्धि होने की भी उम्मीद है।

बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में 50 पदक विजेता खिलाड़ियों को कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।

इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय और पैरा-राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले इन खिलाड़ियों को आवश्यक सत्यापन के बाद पात्र पाया गया और उन्हें जल्द ही नियुक्ति दी जाएगी।

बयान के अनुसार, यह निर्णय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और राज्य में खेलों के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लिया गया है।

भाषा

बाकोलिया

पारुल

पारुल