(फाइल फोटो के साथ)
जम्मू, 13 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत शुक्रवार से जम्मू कश्मीर की तीन दिवसीय यात्रा के दौरान संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे और इसके विस्तार पर चर्चा करेंगे।
एक बयान के अनुसार, भागवत की केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा संगठन के कामकाज की समीक्षा के लिए देश भर में उनकी वार्षिक यात्रा का हिस्सा है। बयान में कहा गया कि आरएसएस प्रमुख शुक्रवार शाम जम्मू पहुंचेंगे और संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत करेंगे। उनका एक प्राचीन मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना करने का भी कार्यक्रम है।
दौरे के दौरान, आरएसएस प्रमुख 14 अक्टूबर को केंद्र शासित प्रदेश में संगठन के कामकाज और उसके द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा के लिए कार्यकर्ताओं की एक बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
बयान में कहा गया है कि भागवत अगले दिन एक समन्वय बैठक की भी अध्यक्षता करेंगे और रविवार को कठुआ जिले के एक स्टेडियम में स्वयंसेवकों की एक सभा को संबोधित करेंगे।
बयान में कहा गया है कि आरएसएस 2025 में अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर रहा है और भागवत के दौरे के दौरान संगठन के विस्तार लक्ष्य के संबंध में कार्यों को लेकर भी चर्चा होगी। उनके कठुआ शहर के बाहरी इलाके में एक गांव का दौरा करने और वहां भारत माता के चित्र का अनावरण करने की भी उम्मीद है।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा