नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) साकेत में एक बहुमंजिला इमारत गिरने की घटना में छह लोगों की मौत होने के दो दिन बाद एमसीडी दक्षिण दिल्ली में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार नगर निगम सोमवार से दक्षिण दिल्ली में भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन करके बनाई गईं इमारतों की पहचान करके उन्हें सील करने और खाली कराने का अभियान शुरू कर सकता है।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हम भूतल समेत तीन मंजिल से अधिक मंजिल वाली सभी अनधिकृत इमारतों को नोटिस जारी करेंगे। यह अभियान महरौली, साकेत और आसपास के क्षेत्रों में शुरू किया जाएगा।’
उन्होंने बताया कि साकेत क्षेत्र के सैद-उल-अजैब, पर्यावरण कॉम्प्लेक्स और फ्रीडम फाइटर्स एन्क्लेव में अवैध निर्माण बड़े पैमाने पर हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महरौली और आसपास के इलाकों में भी निरीक्षण के दौरान अवैध ढांचों की पहचान की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, 72 घंटे की नोटिस अवधि समाप्त होने के बाद निगम नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, जिसमें उन्हें सील करना और खाली कराना शामिल होगा।
एमसीडी आमतौर पर अनधिकृत निर्माण, गंभीर संरचनात्मक अनियमितताओं या ऐसे क्षेत्रों में बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां चलाने पर संपत्तियों को सील करता है या उन्हें खाली करने के नोटिस जारी करता है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को ‘एक्स’ पर कहा कि सभी अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लिखा, “हर स्तर पर लापरवाही के लिए जवाबदेही तय की जाएगी। कोई भी बिल्डर, अधिकारी या प्राधिकरण कानून से ऊपर नहीं है। नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दिल्ली सरकार न्याय, जवाबदेही और जन सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और अपनी जनता के साथ खड़ी है।”
गौरतलब है कि शनिवार को दक्षिण दिल्ली के सैद-उल-अजैब क्षेत्र में स्थित बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई थी, जिसके कारण छह लोगों की मौत हो गई।
भाषा जोहेब माधव
माधव