मुख्यमंत्री सैनी ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राज्यव्यापी योग अभियान शुरू किया

Ads

मुख्यमंत्री सैनी ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राज्यव्यापी योग अभियान शुरू किया

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 04:37 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 04:37 PM IST

गुरुग्राम, एक जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य में सोमवार से 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) तक जिला, उपमंडल, ब्लॉक, वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लीजर वैली) में राज्यव्यापी योग अभ्यास अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर योग को सफलतापूर्वक स्थापित किया है और आज इसे दुनिया भर के लोग अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह प्राचीन विधा भारत के ऋषियों और आध्यात्मिक साधकों की ओर से एक अमूल्य उपहार है, जिसने विश्व स्तर पर सम्मान और मान्यता अर्जित की है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अभियान का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद, सैनी ने कहा कि योग किसी विशेष धर्म या संप्रदाय से जुड़ा नहीं है; बल्कि, यह पूरी मानवता के लिए एक वैज्ञानिक और आध्यात्मिक विरासत है।

उन्होंने याद दिलाया कि 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाये जाने का प्रस्ताव दिया, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला था। परिणामस्वरूप, पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2015 को मनाया गया था।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस बात पर जोर दिया कि ‘खेलेगा भारत तो खिलेगा भारत’ और ‘योग की डोज, आधा घंटा रोज’ जैसे संदेश आज के समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।

उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाकर लोग स्वस्थ, ऊर्जावान और सकारात्मक जीवन जी सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को भव्य और व्यापक पैमाने पर मनाने का निर्णय लिया है।

एक बयान में यह जानकारी दी गई है कि एक जून से 21 जून तक राज्य भर में जिला, उपमंडल, ब्लॉक, वार्ड और ग्राम पंचायत स्तर पर योग शिविरों का आयोजन किया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 21 जून को पंचकूला में आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष का विषय, ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली ने भले ही कई सुविधाएं प्रदान की हों, लेकिन इसने तनाव, अनिद्रा, अस्वास्थ्यकर खानपान की आदतों और मानसिक अशांति में भी योगदान दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ‘योग-युक्त, नशा-मुक्त हरियाणा’ का नारा अपनाया है और वह युवाओं को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने को प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य ने विभिन्न योगिक अभ्यासों के लाभों पर प्रकाश डाला और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हजारों योग अभ्यासकर्ताओं को एक सामूहिक योग सत्र में नेतृत्व किया।

भाषा तान्या माधव

माधव