यात्री वाहन बिक्री ने मई में पकड़ी रफ्तार; मारुति, किआ का नया रिकॉर्ड

Ads

यात्री वाहन बिक्री ने मई में पकड़ी रफ्तार; मारुति, किआ का नया रिकॉर्ड

  •  
  • Publish Date - June 1, 2026 / 04:33 PM IST,
    Updated On - June 1, 2026 / 04:33 PM IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) मोटर वाहन कंपनियों ने ईंधन कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद मई में मजबूत वृद्धि दर्ज की। इस दौरान मारुति सुजुकी और किआ इंडिया ने रिकॉर्ड बिक्री हासिल की।

मारुति सुजुकी इंडिया ने सोमवार को बताया कि उसकी मासिक बिक्री अब तक के सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गई, जबकि घरेलू बिक्री मई, 2026 में 1,93,535 इकाई रही जो पिछले साल इसी महीने में 1,38,690 इकाई थी।

मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी से मांग पर असर पड़ने के बावजूद कंपनी ने समग्र वृद्धि के साथ मजबूत प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर छोटी कारों के खंड पर पड़ता है, खासकर उन ग्राहकों पर जो छोटी कार खरीदते हैं लेकिन हमने ‘मिनी’ और ‘कॉम्पैक्ट’ खंड में शानदार वृद्धि हासिल की। यात्री वाहनों में कुल 42 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की।’’

छोटी कारों (अल्टो और एस-प्रेसो) की बिक्री पिछले साल मई के 6,776 इकाइयों के मुकाबले बढ़कर 16,275 इकाई हो गई। कॉम्पैक्ट कारों (बलेनो, सेलेरियो, डिजायर, इग्निस, स्विफ्ट और वैगनआर) की बिक्री मई, 2025 के 61,960 इकाइयों के मुकाबले बढ़कर 81,555 इकाई हो गई।

कंपनी की कुल यात्री कार बिक्री मई में 1,90,337 इकाई रही जबकि पिछले साल इसी महीने यह (एसयूवी को छोड़कर) 1,35,962 इकाई थी।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की घरेलू बिक्री मई 42 प्रतिशत बढ़कर 59,090 इकाई रही जो पिछले साल 41,557 इकाई थी।

वहीं महिंद्रा एंड महिंद्रा ने घरेलू बाजार में 58,021 इकाई बेचीं, जो पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है।

हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने मई, 2026 में घरेलू बिक्री में 9.1 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 47,837 वाहन बेचे।

हुंदै के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) तरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी ने वर्ष की मजबूत शुरुआत की गति को मई में भी जारी रखा है।

किआ इंडिया ने मई, 2026 में 23.6 प्रतिशत की सालाना वृद्धि के साथ 27,586 इकाई की बिक्री दर्ज की जो कंपनी की अब तक की मई महीने की सबसे अधिक बिक्री है।

किया इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) अतुल सूद ने कहा कि यह प्रदर्शन बदलती उपभोक्ता प्राथमिकताओं के साथ उनके उत्पाद खंड के मजबूत तालमेल को दर्शाता है।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की घरेलू बिक्री चार प्रतिशत बढ़कर मई में 30,574 इकाई रही, जो पिछले साल 29,280 इकाई थी।

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने मई, 2026 में 6,048 इकाई की बिक्री दर्ज की। हालांकि, कंपनी ने सालाना आधार पर तुलनात्मक आंकड़ा जारी नहीं किया।

भाषा निहारिका अजय

अजय