शिलांग, 28 मार्च (भाषा) मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने शनिवार को पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘निर्णायक नेतृत्व’ की सराहना की।
संगमा की यह टिप्पणी प्रधानमंत्री मोदी द्वारा पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के साथ डिजिटल माध्यम से एक बैठक की
अध्यक्षता करने के एक दिन बाद आई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा था कि पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न वैश्विक स्थिति गतिशील बनी हुई है, और इस बात पर जोर दिया था कि आर्थिक और व्यापारिक स्थिरता बनाए रखना, ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना, उद्योग एवं आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना तथा नागरिकों के हितों की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं।
संगमा ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा क्षेत्र में तेजी से बदलते घटनाक्रमों का जायजा लेने और देश की तैयारियों और प्रतिक्रिया पर चर्चा करने के लिए बुलाई गई बैठक में भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा, “पश्चिम एशिया में बदलती स्थिति के संबंध में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा बुलाई गई बैठक में मैंने भाग लिया। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में माननीय प्रधानमंत्री के निर्णायक नेतृत्व के लिए मैं आभारी हूं। ‘टीम इंडिया’ एकजुट है और स्थिति से निपटने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेगी।”
उन्होंने भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सहित स्थिति से उत्पन्न होने वाले किसी भी संभावित परिणाम से निपटने के लिए राज्यों और केंद्र के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह बैठक पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच हुई, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता, वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और क्षेत्र में काम करने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
भाषा
अमित माधव
माधव