सत्य निकेतन हादसा : एमसीडी की कार्रवाई तेज, दो दिन में 34 इमारतें ढहाईं और 17 संपत्तियां सील
सत्य निकेतन हादसा : एमसीडी की कार्रवाई तेज, दो दिन में 34 इमारतें ढहाईं और 17 संपत्तियां सील
नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने पिछले दो दिनों में अपने 12 क्षेत्रों (जोन) में ध्वस्तीकरण की 34 कार्रवाई की और 17 संपत्तियों को सील किया है। निगम ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
एमसीडी ने बताया कि उसने करीब 1,243 ऐसी इमारतों की पहचान की है, जिनमें पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास संचालित हो रहे हैं। इन इमारतों में करीब 24,000 लोग रह रहे हैं। निगम इनका एक डेटाबेस तैयार कर रहा है और इनकी संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन किया जा रहा है।
दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में लड़कों के लिए संचालित एक पीजी इमारत गिरने से सात लोगों की मौत के बाद निगम ने यह कार्रवाई तेज की है।
एमसीडी ने कहा कि वह पीजी इमारतों में मौजूद खामियों का आकलन कर रहा है। इसमें विशेष रूप से उन इमारतों पर ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें पांच से अधिक मंजिलें हैं और जिनका ढांचा आरसीसी (रीइन्फोर्स्ड कंक्रीट सीमेंट) आधारित है या चार से अधिक मंजिलों वाली भार वहन करने वाली ईंट की दीवारों वाली इमारतें हैं।
जमीनी निरीक्षण के आधार पर इमारतों को चार श्रेणियों में बांटा जा रहा है-‘स्पष्ट रूप से सुरक्षित’, ‘स्पष्ट रूप से मरम्मत योग्य’- मामूली मरम्मत की जरूरत, ‘स्पष्ट रूप से मरम्मत योग्य- बड़ी मरम्मत की जरूरत’ और ‘स्पष्ट रूप से असुरक्षित/खतरनाक’।
निगम ने बुधवार को भवन उपनियमों और दिल्ली मास्टर प्लान के उल्लंघन के खिलाफ अभियान के तहत 22 कारण बताओ नोटिस जारी किए और चार ध्वस्तीकरण आदेश पारित किए।
इससे पहले मंगलवार को एमसीडी ने विभिन्न उल्लंघनों के मामले में 17 संपत्तियों को ध्वस्त किया था और पांच संपत्तियों को सील किया था।
बुधवार की कार्रवाई में जामा मस्जिद के पास स्थित एक इमारत भी शामिल थी, जहां निगम ने भूतल पर छत के दो पैनल और एक विभाजन दीवार को हटाया।
बाजार सीताराम के सड़क प्रेम नारायण इलाके में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा विकास नगर और द्वारका सेक्टर-17 में खतरनाक घोषित इमारतों पर भी कार्रवाई की गई।
राणा प्रताप बाग में तीसरी मंजिल पर आरसीसी छत के चार स्लैब पैनल और पहली मंजिल पर एक पैनल को तोड़ा गया। गैस कटर की मदद से सरियों को भी काटा गया। दूसरी मंजिल की ईंट की दीवारों को भी हटाया गया।
मॉडल टाउन के सरदार नगर में एक संपत्ति पर एमसीडी ने आरसीसी स्लैब के तीन पैनल तोड़े और सरियों को काटा।
एमसीडी ने अधिकारियों को 10 सितंबर तक सर्वेक्षण पूरा करने का निर्देश दिया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


