एसडीपीआई ने लद्दाख में कथित सुरक्षा चूक को लेकर प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की

Ads

एसडीपीआई ने लद्दाख में कथित सुरक्षा चूक को लेकर प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की

  •  
  • Publish Date - February 4, 2026 / 01:29 PM IST,
    Updated On - February 4, 2026 / 01:29 PM IST

चेन्नई, चार फरवरी (भाषा) ‘‘गंभीर राष्ट्रीय सुरक्षा विफलताओं’’ और चीन के साथ सीमा तनाव से संबंधित तथ्यों को कथित रूप से दबाने का हवाला देते हुए सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे के ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ शीर्षक से अप्रकाशित संस्मरण से संबंधित हालिया खबरों के मद्देनजर एसडीपीआई ने यह मांग की है।

बताया जाता है कि इस पुस्तक में 2020 के गलवान घाटी गतिरोध और उसके बाद पूर्वी लद्दाख में बढ़े सैन्य तनाव का उल्लेख है, जिसने परमाणु आयुध से लैस दोनों पड़ोसी देशों के बीच गंभीर तनाव पैदा कर दिया था।

एक बयान में एसडीपीआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तेहलान बाकवी ने आरोप लगाया कि सरकार ने भारत की क्षेत्रीय अखंडता से समझौता किया है।

बाकवी ने कहा, ‘‘जनरल नरवणे की किताब के सत्यापित अंश मीडिया में लीक हो चुके हैं। ऐसे में उनकी किताब को आधिकारिक प्रतिबंध या सार्वजनिक स्पष्टीकरण के बिना रोके रखना सरकारी सेंसरशिप और राजनीतिक हस्तक्षेप के बारे में गंभीर चिंताएं पैदा करता है।’’

उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री सिंह और एनएसए डोभाल के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

भाषा सुरभि सुभाष

सुभाष