अहमदाबाद, दो जून (भाषा) सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एम.के. फैजी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी 2027 के गुजरात विधानसभा चुनावों में अधिकतर सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है।
अहमदाबाद में पार्टी नेताओं की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए फैजी ने कहा कि यह संगठन सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ वैकल्पिक विपक्षी ताकत के रूप में उभरने की तैयारी कर रहा है, और अन्य राष्ट्रीय पार्टियों द्वारा छोड़े गए राजनीतिक शून्य को भरने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि एसडीपीआई आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अपने कार्यकर्ताओं और ढांचे को मजबूत करने की योजना बना रही है और अधिकतर निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने कहा, “आज, खासकर गुजरात में, भाजपा की मुख्य विरोधी पार्टी कांग्रेस विफल हो चुकी है और आम आदमी पार्टी (आप) की उपस्थिति भी नगण्य है। एसडीपीआई गुजरात में चुनाव लड़कर भाजपा के खिलाफ विपक्षी दल के रूप में उभरने का प्रयास कर रही है।”
फैजी ने स्पष्ट किया कि एसडीपीआई को केवल मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संगठन का उद्देश्य समाज के सभी वंचित वर्गों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उजागर करना है।
एसडीपीआई प्रमुख ने दावा किया कि लोग न केवल गुजरात में बल्कि पूरे देश में राजनीतिक बदलाव की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया, “‘इंडिया’ व्यावहारिक रूप से समाप्त हो रहा है क्योंकि टीएमसी की ममता बनर्जी अलग हो गई हैं, द्रमुक नेता एम.के. स्टालिन भी अलग हो गए हैं, और हर कोई कांग्रेस को दोषी ठहरा रहा है।”
फैज़ी ने यह भी संकेत दिया कि एसडीपीआई गुजरात में भाजपा के विरोधी दलों के साथ चुनाव-पूर्व गठबंधन के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा, “हम भाजपा को छोड़कर किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन के लिए तैयार हैं। समय आने पर, यदि कोई पार्टी हमारे साथ गठबंधन करना चाहेगी, तो हम इस पर विचार करेंगे।”
भाषा प्रशांत अविनाश
अविनाश