जम्मू में एनसीबी की हिरासत से फरार मादक पदार्थ तस्कर की तलाश में अभियान शुरू
जम्मू में एनसीबी की हिरासत से फरार मादक पदार्थ तस्कर की तलाश में अभियान शुरू
जम्मू, सात सितंबर (भाषा) जम्मू में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) की हिरासत से एक संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर के फरार होने के बाद पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी करने के साथ ही तलाशी व जांच अभियान भी तेज कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान पुलवामा जिले के काकापोरिया निवासी आकिब बशीर के रूप में हुई है। एनसीबी ने तीन सितंबर को सांबा जिले में एक यात्री बस से जा रहे बशीर के पास से 522 ग्राम हेरोइन जब्त किया और उसे गिरफ्तार किया था।
उन्होंने बताया कि बशीर रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को नरवाल में एनसीबी की हिरासत से कथित तौर पर फरार हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने उसका पता लगाने तथा उसे पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इन प्रयासों के तहत इलाके के प्रमुख प्रवेश और निकास बिंदुओं पर तलाशी तथा वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर टीमें तैनात की गई हैं, जबकि उसके भागने के दौरान मौजूदा परिस्थितियों का भी पता लगाया लगाया जा रहा है।
बशीर की गिरफ़्तारी एनसीबी द्वारा जम्मू क्षेत्र में एक महीने तक चलाए गए सफल अभियान का हिस्सा थी। इस अभियान के तहत उन दो अलग-अलग रास्तों का पता चला जिनका उपयोग तस्कर जम्मू कश्मीर में हेरोइन पहुंचाने के लिए करते थे। ये मार्ग सीधे पाकिस्तान से उरी सेक्टर के जरिए और अप्रत्यक्ष रूप से पंजाब के रास्ते संचालित हो रहे थे।
एनसीबी ने पिछले एक महीने के दौरान चार अलग-अलग कार्रवाई और पंजाब में एक बरामदगी में कुल 6.920 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है और इस सिलसिले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


