मौसमी फ्लू के टीके दवा दुकानों पर उपलब्ध : आईसीएमआर

Ads

मौसमी फ्लू के टीके दवा दुकानों पर उपलब्ध : आईसीएमआर

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 02:16 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 02:16 PM IST

नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बृहस्पतिवार को बताया कि उत्तरी गोलार्ध के देशों के लिए बनाए गए टीकों समेत मौसमी फ्लू के टीके भारत में बड़ी दवा दुकानों पर उपलब्ध हैं। उसने कहा कि लोग अपनी इच्छा से ये टीके लगवा सकते हैं, खासकर वे लोग जो स्वास्थ्य के लिहाज से ज्यादा जोखिम वाले समूहों से हैं।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ खबरों में दावा किया गया था कि देश में फ्लू के टीके उपलब्ध नहीं हैं।

आईसीएमआर ने कहा कि उसने कुछ खबरों का संज्ञान लिया है, जिनमें मौसमी इन्फ्लुएंजा टीकाकरण को लेकर उसकी सिफारिशों के बारे में ‘भ्रामक’ जानकारी दी गई है।

ये खबरें करीब दो महीने पहले इन्फ्लुएंजा को लेकर चिकित्सकों के लिए जारी किए गए आईसीएमआर के एक नोट पर आधारित लगती हैं। उसने कहा कि यह नोट चिकित्सकों को इलाज संबंधी दिशा-निर्देश देने के उद्देश्य से जारी किया गया था और यह परिषद की ओर से जारी कोई नया या हालिया परामर्श नहीं था।

आईसीएमआर ने कहा है कि उत्तरी गोलार्ध (नॉर्दर्न हेमिस्फियर) का टीका लगवाना बेहतर विकल्प है।

परिषद ने यह स्पष्ट किया कि अगर यह उपलब्ध नहीं है तो दक्षिणी गोलार्ध (सदर्न हेमिस्फियर) का टीका भी लगवाया जा सकता है, क्योंकि दोनों ही वर्तमान में फैल रहे एच1एन1 वायरस के प्रकार के खिलाफ प्रभावी हैं।

आईसीएमआर ने कहा, ‘फ्लू के टीके उपलब्ध नहीं होने के दावे के संबंध में हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि उपयुक्त मौसमी इन्फ्लुएंजा के टीके (उत्तरी गोलार्ध के टीके सहित) भारत में प्रमुख दवा दुकानों पर उपलब्ध हैं और इन्हें लोग अपनी इच्छा से लगवा सकते हैं, खासकर वे लोग जो संवेदनशील समूहों से संबंधित हैं।’

मौसमी इन्फ्लुएंजा का टीकाकरण खासतौर पर उन लोगों के लिए जरूरी बताया गया है, जिनमें गंभीर बीमारी का खतरा अधिक होता है। इनमें बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, पहले से किसी अन्य बीमारी से पीड़ित लोग और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यून सिस्टम) वाले व्यक्ति शामिल हैं।

आईसीएमआर ने मीडिया संस्थानों से अपनी वैज्ञानिक सलाह को सही तरीके से और उचित संदर्भ के साथ प्रकाशित करने की अपील की है।

आईसीएमआर की मौसमी इन्फ्लुएंजा टीकाकरण संबंधी सिफारिशें विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के लागू दिशा-निर्देशों और मौजूदा वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित हैं।

भाषा तान्या वैभव

वैभव