नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) दिल्ली के बाहरी इलाके सुल्तानपुरी में निर्माणाधीन अस्पताल स्थल पर 37 वर्षीय एक सुरक्षा गार्ड संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान सुल्तानपुरी निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो जलेबी चौक के पास निर्माण स्थल पर रात्रि गार्ड के रूप में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, कुमार 29 अप्रैल को रात करीब 8 बजे ड्यूटी पर गया था, लेकिन अगली सुबह घर नहीं लौटा। इसके बाद उसके परिवार ने पूर्वाह्न करीब 11:18 बजे उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को दी।
तलाशी अभियान के दौरान उसका शव निर्माण स्थल की चारदीवारी के भीतर झाड़ियों में पड़ा मिला।
पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (एसजीएमएच) में ले गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच में शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं दिखे। पोस्टमार्टम के बाद, मौत के सटीक कारण का पता चलेगा।’
भाषा
नोमान
नोमान सुभाष
सुभाष