कॉजपा के दूसरे विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा कड़ी की गई

Ads

कॉजपा के दूसरे विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली में सुरक्षा कड़ी की गई

  •  
  • Publish Date - June 20, 2026 / 10:55 AM IST,
    Updated On - June 20, 2026 / 10:55 AM IST

नयी दिल्ली, 20 जून (भाषा) ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) की ओर से शनिवार को जंतर-मंतर पर आयोजित दूसरे विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कड़ी निगरानी के साथ भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए हैं।

यह विरोध प्रदर्शन भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में अपराह्न एक बजे शुरू होगा। इसमें शामिल होने के लिए दिल्ली और पड़ोसी राज्यों से समर्थक पहुंच रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, प्रशासन ने इस प्रदर्शन की अनुमति दे दी है। विरोध-प्रदर्शन स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में भीड़ की गतिविधियों पर वास्तविक समय में नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और घटनाक्रम का दस्तावेजीकरण करने के लिए मौके पर तैनात पुलिसकर्मी लगभग 270 बॉडी-वॉर्न (वर्दी पर लगे) कैमरों का इस्तेमाल करेंगे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली पुलिस ने पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए हैं और हम प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करने की अपील करते हैं।’’

अधिकारियों ने बताया कि विशेष शाखा विरोध-प्रदर्शन स्थल पर होने वाली गतिविधियों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर इससे संबंधित गतिविधियों पर भी पैनी नजर रख रही है।

जयपुर में 15 जून को एक विरोध-प्रदर्शन के दौरान समर्थकों के कंधों पर बैठे दीपके को कुछ लोगों ने कई थप्पड़ मारे थे और उनके साथ हाथापाई की थी।

कॉजपा की शुरुआत पिछले महीने एक अदालती सुनवाई के दौरान भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की कथित टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर शुरू हुए एक व्यंग्यात्मक अभियान के रूप में हुई थी।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन