गुवाहाटी, तीन नवंबर (भाषा) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुवाहाटी फ्रंटियर में भारत-बांग्लादेश सीमा पर मौजूदा सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में शुक्रवार को यह जानकारी दी गई।
विज्ञप्ति के मुताबिक, बीएसएफ (पूर्वी कमान) की अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) सोनाली मिश्रा ने अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।
इसमें कहा गया है कि बीएसएफ गुवाहाटी फ्रंटियर के महानिरीक्षक दिनेश कुमार यादव ने मिश्रा को सीमा पर विभिन्न चुनौतियों से निपटने और सीमा पार से किए जाने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए किए गए उपायों के बारे में जानकारी दी।
विज्ञप्ति के अनुसार, मिश्रा ने असम के धुबरी जिले में सीमावर्ती सोनाहाट में सीमा चौकियों और भूमि सीमा शुल्क स्टेशन का दौरा किया।
इसमें कहा गया है कि उन्होंने फील्ड कमांडरों के साथ बातचीत की, सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया और सीमा पर प्रभुत्व बनाने की योजना एवं अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की।
विज्ञप्ति के मुताबिक, अपनी गुवाहाटी यात्रा के दौरान मिश्रा ने असम के पुलिस महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात की और उनके साथ सीमा प्रबंधन एवं अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पुलिस के साथ समन्वय के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
इसमें कहा गया है कि मिश्रा ने गुवाहाटी में बीएसएफ फ्रंटियर मुख्यालय में एक ‘प्रहरी सम्मेलन’ की भी अध्यक्षता की और सैनिकों के साथ बातचीत की।
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप