कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेन सिंह इंगती का निधन

Ads

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेन सिंह इंगती का निधन

  •  
  • Publish Date - March 10, 2026 / 02:43 PM IST,
    Updated On - March 10, 2026 / 02:43 PM IST

गुवाहाटी, 10 मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बीरेन सिंह इंगती का मंगलवार को गुवाहाटी के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे।

पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि इंगती को दीफू स्थित उनके आवास से इलाज के लिए गुवाहाटी लाया गया था और उन्होंने मंगलवार सुबह अंतिम सांस ली।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘उनके पार्थिव शरीर को दीफू ले जाया गया है, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।’’

दीफू निर्वाचन क्षेत्र से पांच बार लोकसभा सदस्य रहे इंगती ने केंद्र में राजीव गांधी सरकार में राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया था। 1970 के दशक में लोकसभा में कदम रखने वाले कार्बी आंगलोंग के इस दिग्गज नेता ने 2014 में लोकसभा के लिए अपना अंतिम चुनाव जीता।

उन्होंने कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य के रूप में भी सेवा दी।

इंगती के निधन पर शोक प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘कार्बी आंगलोंग के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बीरेन सिंह इंगती का निधन असम के लिए एक बड़ी क्षति है। जनता के प्रति उनकी वर्षों की सेवा और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए किए गए प्रयास हमेशा याद रखे जाएंगे।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने फेसबुक पोस्ट में कहा, ‘‘इंगती का निधन न केवल पहाड़ी जिले के लिए बल्कि राज्य के पूरे राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। असम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मेरे दिवंगत पिता के मित्र बीरेन सिंह के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें और शोक संतप्त परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।’’

असम के तीन बार के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे गौरव गोगोई ने दिल्ली में इंगती के परिवार के साथ बिताए अपने बचपन के समय को याद किया।

भाषा खारी नरेश

नरेश