वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुदर्शन नचियप्पन का 79 वर्ष की आयु में निधन
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुदर्शन नचियप्पन का 79 वर्ष की आयु में निधन
शिवगंगा (तमिलनाडु), 17 सितंबर (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ई. एम. सुदर्शन नचियप्पन का बृहस्पतिवार को यहां उनके आवास पर निधन हो गया। पार्टी ने यह जानकारी दी।
वह 79 वर्ष के थे और कुछ समय से बीमार थे।
नचियप्पन 1986 में शिवगंगा संघ के अध्यक्ष चुने गए थे और 1991 तक इस पद पर रहे। वह 1999 में शिवगंगा से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और 2004 तक सदन के सदस्य रहे। उन्होंने 2013 से 2014 के बीच वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया।
उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि वह नचियप्पन को युवा कांग्रेस के दिनों से जानते थे।
चिदंबरम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘कई लोगों ने उनके द्वारा निभायी गयी विभिन्न भूमिकाओं तारीफ़ की – एक जोशीले युवा के तौर पर, फिर जिम्मेदारी से काम करने वाले संघ अध्यक्ष के तौर पर, पार्टी के प्रति वफादार रहने वाले सांसद के तौर पर और बेबाक विपक्ष के नेता के तौर पर। मैं उनके निधन पर शोकाकुल सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, उनके बेटे और परिवार, रिश्तेदारों तथा मित्रों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं।’
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बी. मणिक्कम टैगोर ने कहा कि नचियप्पन ने प्रदेश इकाई के प्रवक्ता के रूप में भी सेवाएं दीं।
टैगोर ने कहा कि नचियप्पन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में युवा कांग्रेस में शामिल हुए थे और उन्होंने कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम किया।
नचियप्पन का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर तीन बजे शिवगंगा जिले के एरवाडी में किया जाएगा।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


