बेलगावी (कर्नाटक), 10 जुलाई (भाषा) देश भर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक शुक्रवार को यहां अपनी सालाना तीन दिवसीय बैठक में हिस्सा लेने के लिए इकट्ठा हुए। इस बैठक में देश भर में जारी जनगणना प्रक्रिया समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
आरएसएस की वार्षिक ‘अखिल भारतीय प्रांत प्रचारक बैठक’ शुक्रवार को यहां सरसंघचालक मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले की उपस्थिति में शुरू हुई, जो 12 जुलाई को समाप्त होगी।
बैठक में आरएसएस की शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की जाएगी और संघ की पहुंच को और बढ़ाने के लिए शाखाओं की संख्या बढ़ाने की योजना पर चर्चा की जाएगी।
आरएसएस ने एक बयान में कहा कि बैठक में देश भर से सभी सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभाग प्रमुख, कार्यकारी परिषद के सदस्य, प्रांत प्रचारक, सह प्रांत प्रचारक, क्षेत्र प्रचारक और सह क्षेत्र प्रचारक भाग ले रहे हैं।
संघ के संगठनात्मक ढांचे के अनुसार, सभी 11 क्षेत्रों और 46 प्रांतों के कार्यकर्ता इस बैठक में भाग ले रहे हैं। इसके अलावा संघ से प्रेरित 32 संगठनों के अखिल भारतीय संगठन मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
भाषा शफीक नरेश
नरेश