‘मोहम्मद’ दीपक के जिम की सदस्यता लेने आगे आए उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ वकील
‘मोहम्मद’ दीपक के जिम की सदस्यता लेने आगे आए उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ वकील
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) उच्चतम न्यायालय के 12 वरिष्ठ वकीलों ने एक दुकान के नाम को लेकर विवादों में घिरे उत्तराखंड के दीपक कुमार के प्रति एकजुटता दिखाई है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
कोटद्वार में कुमार का ‘हल्क’ जिम, जो कभी 150 से अधिक सदस्यों से भरा रहता था, एक दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद अब लगभग खाली हो गया है और केवल कुछ नियमित सदस्य ही वहां आते हैं।
जिम मालिक दीपक कुमार (42) ने पूर्व में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था ‘बाबा’ नामक कपड़ों की दुकान के खिलाफ विरोध कर रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं का सामना करने और खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताने के बाद उनका कारोबार पूरी तरह ठप हो गया।
उन्होंने कहा कि घटना को लेकर जारी तनाव के कारण उनका रोज़गार इस विवाद की भेंट चढ़ गया।
नाम न छापने की शर्त पर एक वकील ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के लगभग 12 वरिष्ठ वकीलों ने 10,000 रुपये का शुल्क चुकाकर एक साल के लिए जिम की सदस्यता ली है।
वकील ने कहा कि मूल योगदानकर्ता के नाम वाला सदस्यता कार्ड जिम को लेकर उत्साही उन स्थानीय लोगों को प्रदान किया जाएगा जो शुल्क का भुगतान करने में असमर्थ हैं।
वकील ने कहा कि दीपक को कुछ अन्य अधिवक्ताओं द्वारा भी नि:शुल्क कानूनी पैरवी की पेशकश की गई है। एक वकील ने कहा, ‘‘कानूनी समुदाय दीपक के साथ एकजुटता व्यक्त करता है।’’
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने 26 जनवरी को, कोटद्वार में पटेल मार्ग पर ‘बाबा’ नामक कपड़े की दुकान के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और इसके 70 वर्षीय मालिक वकील अहमद पर दुकान का नाम बदलने का दबाव डाला।
विरोध के दौरान, बजरंग दल के सदस्यों, वकील अहमद और उनके बेटे के दोस्त दीपक कुमार के बीच झड़प हुई, जिसके बाद कुमार ने खुद को मोहम्मद दीपक बताते हुए प्रदर्शनकारियों को पीछे हटने के लिए मजबूर किया।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


