तृणमूल के वरिष्ठ नेता ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से फिर चुनाव लड़ने की चुनौती दी

Ads

तृणमूल के वरिष्ठ नेता ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से फिर चुनाव लड़ने की चुनौती दी

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 07:00 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 07:00 PM IST

कोलकाता, नौ सितंबर (भाषा) नंदीग्राम उपचुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अबू ताहेर ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी को “प्रतिष्ठित सीट” नंदीग्राम विधानसभा सीट से फिर चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

उन्होंने सवाल उठाया कि जब ममता ने खुद शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, तो किसी स्थानीय नेता को मैदान में उतारने की जरूरत क्यों है।

नंदीग्राम में 2007 के भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल ताहेर ने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस उन्हें उपचुनाव लड़ने के लिए कहती है तो वह इनकार कर देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वर्षों से उनकी अनदेखी की है और अब उन्हें “बलि का बकरा” नहीं बनाया जाना चाहिए।

ताहेर ने कहा, “ममता बनर्जी को नंदीग्राम उपचुनाव में आकर चुनाव लड़ना चाहिए। जब तृणमूल सत्ता में थी, तब वह चुनाव लड़ने के लिए आई थीं। अब मैं चुनाव क्यों लड़ूं?”

उन्होंने कहा कि 2007 में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान उन्होंने पूरी ताकत के साथ वाम मोर्चे के खिलाफ संघर्ष किया था।

उन्होंने कहा, “टीएमसी के सत्ता में रहने के 15 वर्षों के दौरान मुझे क्या मिला? इन 15 वर्षों में मुझे कभी भी टीएमसी का उम्मीदवार नहीं माना गया। मुझे अयोग्य समझा गया। फिर अब मुझे बलि का बकरा बनाने के लिए क्यों चुना जाना चाहिए?”

ताहेर ने कहा कि उनका व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि ममता को नंदीग्राम लौटना चाहिए, जहां उन्होंने 2021 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार और अपने पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

यह पूछे जाने पर कि अगर पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहेगी तो क्या वह उम्मीदवार बनेंगे, ताहेर ने स्पष्ट रूप से कहा, “मैं इनकार कर दूंगा।”

तृणमूल के बागी गुट के प्रवक्ता रिजू दत्ता ने उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा ,‘‘अबू ताहेर सही हैं। उन्हें अब चुनाव क्यों लड़ना चाहिए। यदि ममता बनर्जी चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं हैं तो उनके भतीजे और सभी कुछ जानने वाले राजनीतिज्ञ अभिषेक को ही चुनाव लड़ जाना चाहिए।’’

चुनाव आयोग ने राज्य की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को उपचुनाव कराने की घोषणा की है जिसकी मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।

राज्य में इसी वर्ष हुए चुनाव में शुभेंदु ने नंदीग्राम एवं भवानीपुर विधानसभा सीटों से एकसाथ चुनाव लड़ा था। वह दोनों सीटों पर विजयी रहे और उन्होंने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया। बाद में शुभेंदु ने नंदीग्राम सीट छोड़ दी।

रेजीनगर में इसलिए उपचुनाव कराया जा रहा है क्योंकि आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूं कबीर ने यह सीट छोड़ दी और नवदा सीट अपने पास रखी।

भाषा तान्या माधव

माधव