शिमला, 24 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कार्यक्रम आयोजित करेगी।
बिंदल ने यहां जारी एक बयान में कहा कि विस्तृत कार्यक्रम को अंतिम रूप देने और जमीनी स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए शिमला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में एक बैठक आयोजित की जाएगी।
बिंदल ने कहा कि एक महीने तक चलने वाला यह अभियान प्रधानमंत्री के जन्मदिन यानी 17 सितंबर से शुरू होगा। इसके तहत देशभर में सामाजिक सेवा और जनकल्याण से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक और कार्यशाला के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा, “इस अभियान के जरिये प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा, सुशासन और विकास के सफर को रेखांकित किया जाएगा।”
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश