चंडीगढ़, छह अगस्त (भाषा) हरियाणा के चरखी दादरी में एक थाने के पास बृहस्पतिवार को तीन अज्ञात हथियारबंद लोगों ने एक वाहन में सवार लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें सात लोग घायल हो गए जिनमें से दो की हालत गंभीर है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, पैदल आए हमलावरों ने वाहन में सवार लोगों पर 10 से 15 गोलियां चलाईं।
पुलिस ने बताया कि सभी सात लोग एक स्थानीय अदालत में सुनवाई में शामिल होने के बाद लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि वाहन पर जगह-जगह गोलियों के निशान मिले हैं।
चरखी दादरी के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) धीरज कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि दोपहर में तीन लोगों ने वाहन को निशाना बनाते हुए उसमें सवार लोगों पर गोलीबारी की। उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना में 10 से 15 गोलियां चलाई गईं।’’
कुमार ने बताया कि सभी घायलों को चरखी दादरी के दो अस्पतालों में भर्ती कराया गया और गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए रोहतक स्थित पीजीआईएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीम का गठन किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता कि यह घटना व्यक्तिगत दुश्मनी का नतीजा है या गैंगवार का। मामले की जांच जारी है।’’
भाषा अमित अविनाश
अविनाश