कोलकाता, पांच मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस के कई कार्यालयों में आगजनी और तोड़फोड़ की छिटपुट घटनाएं सामने आईं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता राज्य में अपनी शानदार जीत का जश्न मना रहे थे।
पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर से ही टॉलीगंज, बारुईपुर, कमरहटी, बारानगर, बहरामपुर, हावड़ा और कस्बा स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालयों में उपद्रवी भीड़ ने तोड़फोड़ की।
टॉलीगंज के बिजयगढ़-नेताजी नगर इलाके में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास के चुनाव कार्यालय में भीड़ ने तोड़फोड़ की। भीड़ में से कुछ लोग टूटे हुए होर्डिंग को लात मारते हुए चले गए।
रूबी क्रॉसिंग पर तृणमूल कांग्रेस पार्षद सुशांत घोष के कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झंडे लिए भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया।
इन घटनाओं की निंदा करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भाजपा ने सत्ता में आते ही अपना असली रंग दिखा दिया है।’’
तृणमूल ने कहा, ‘‘उनके गुंडों ने मुर्शिदाबाद में हमारे पार्टी कार्यालय पर हिंसक हमला किया। तोड़फोड़ और अराजकता – यही भाजपा का असली चेहरा है। यह भाजपा के घटिया राजनीति में उतरने का संकेत है।’’
भाषा सुरभि वैभव
वैभव