(सागर कुलकर्णी)
वॉशिंगटन, पांच मई (भाषा) भारत से अमेरिका में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश लगभग 16.4 अरब अमेरिकी डॉलर रहा जिससे रोजगार के करीब 70,800 अवसर उत्पन्न हुए। अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अमेरिका के वाणिज्य विभाग में नीति एवं अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रशासन के अमेरिकी उप अवर सचिव ब्रैंडन रेमिंगटन ने सोमवार शाम मैरीलैंड के नेशनल हार्बर में आयोजित ‘सेलेक्ट यूएसए’ निवेश शिखर सम्मेलन में ‘सीआईआई इंडिया रिसेप्शन’ को संबोधित करते हुए कहा कि भारत से अमेरिका में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीए) करीब 16.4 अरब डॉलर रहा जिससे करीब 70,800 नौकरियों को समर्थन मिला।
उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में अनुसंधान एवं विकास पर 33 करोड़ डॉलर भी खर्च किए हैं।
रेमिंगटन ने कहा, ‘‘ हम भारत से आपके निवेश का स्वागत करते हैं। उपलब्ध संचयी आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में भारत से कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश लगभग 16.4 अरब डॉलर रहा है। इनसे करीब 70,800 नौकरियों, 31.3 करोड़ डॉलर के अनुसंधान एवं विकास व्यय और 1.5 अरब डॉलर के निर्यात को समर्थन मिला है।’’
उन्होंने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि ये आंकड़े किस अवधि से संबंधित हैं।
सीआईआई की 2023 में जारी एक रिपोर्ट में अमेरिका में भारतीय निवेश का अनुमान 40 अरब डॉलर बताया गया था जिससे 4.25 लाख नौकरियों का सृजन हुआ।
सीआईआई द्वारा 2023 में जारी ‘इंडियन रूट्स, अमेरिकन सॉइल’ रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय कंपनियों ने अमेरिका स्थित अनुसंधान एवं विकास परियोजनाओं में एक अरब डॉलर का निवेश किया और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व परियोजनाओं में 19.5 करोड़ डॉलर का योगदान दिया।
भारत की सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने न्यू जर्सी स्थित ऑर्गेनन एंड कंपनी का अधिग्रहण करने के लिए 12 अरब डॉलर के सौदे की पिछले सप्ताह घोषणा थी।
कम से कम 12 भारतीय कंपनियां मंगलवार को ‘सेलेक्ट यूएसए’ निवेश शिखर सम्मेलन में नए निवेश की घोषणाएं करने वाली हैं।
डेलावेयर के गवर्नर मैट मेयर, गुआम की गवर्नर लू लियोन गुरेरो, मैरीलैंड की डिप्टी-गवर्नर अरुणा मिलर सहित कई अमेरिकी अधिकारी और कारोबारी नेशनल हार्बर में आयोजित ‘सीआईआई इंडिया रिसेप्शन’ में शामिल हुए।
अमेरिका में भारतीय दूतावास की उप-प्रमुख नामग्या खम्पा ने कहा, ‘‘ भारतीय कंपनियां, अमेरिकी अर्थव्यवस्था में वृद्धि के लिए योगदान दे रही हैं। पूंजी ला रही हैं, रोजगार को समर्थन दे रही हैं, आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत कर रही हैं और विभिन्न राज्यों में समुदायिक स्तर पर भी योगदान दे रही हैं।’’
उन्होंने कहा कि उन्नत विनिर्माण, दवा, ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में भारतीय कंपनियां अमेरिका में सैकड़ों हजार नौकरियों को समर्थन दे रही हैं, जिनमें मैरीलैंड-डीसी क्षेत्र भी शामिल है।
सीआईआई रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय कंपनियों से सर्वाधिक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पाने वाले शीर्ष तीन अमेरिकी राज्य टेक्सास (9.8 अरब डॉलर), जॉर्जिया (7.5 अरब डॉलर) और न्यू जर्सी (4.2 अरब डॉलर) हैं।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा