कश्मीर भर में शब-ए-क़द्र को धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया
कश्मीर भर में शब-ए-क़द्र को धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया
श्रीनगर, 17 मार्च (भाषा) कश्मीर में ‘शब-ए-कद्र’ यानी रहमत व बरकत की रात धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई और मुसलमान रात भर की इबादत (नमाज व दुआ) के लिए मस्जिदों तथा मजारों में उमड़ पड़े। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
रमजान का पवित्र महीना समापन की ओर है और इसके साथ ही सोमवार रात मुसलमान यहां घाटी भर की मस्जिदों एवं दरगाहों में नमाज अदा करने, दुआ मांगने तथा कुरान की तिलावत (पाठ) करने के लिए एकत्र हुए।
अधिकारियों ने बताया कि सबसे बड़ी सभा डल झील के किनारे स्थित हजरतबल दरगाह पर देखी गई, जहां पैगंबर मोहम्मद का एक पवित्र अवशेष रखा हुआ है और वहां सैकड़ों मुसलमान एकत्रित हुए।
उन्होंने बताया कि दस्त-ए-गीर साहिब और सैयद याकूब शाह दरगाहों सहित कई अन्य मस्जिदों तथा दरगाहों पर भी बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे।
हालांकि, श्रीनगर के नौहट्टा इलाके में ऐतिहासिक जामिया मस्जिद को प्राधिकारियों द्वारा बंद करने का आदेश दिए जाने और कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक को नजरबंद किए जाने के बाद इसमें किसी भी प्रकार की सभा या नमाज अदा करने की अनुमति नहीं दी गई।
इस मस्जिद में मीरवाइज को रात भर की नमाज में शामिल होना था।
विश्वभर के मुसलमान रमज़ान की 26वीं तारीख को पूरी रात विशेष रूप से इबादत (नमाज और अन्य) करते हैं।
भाषा यासिर नरेश
नरेश
नरेश

Facebook


