शाह सोमवार को कोलकाता का दौरा करेंगे, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जयंती समारोह में शामिल होंगे
शाह सोमवार को कोलकाता का दौरा करेंगे, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जयंती समारोह में शामिल होंगे
कोलकाता, चार जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सोमवार को कोलकाता के दौरे पर आयेंगे, जहां वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
इसे पश्चिम बंगाल में भाजपा की नयी सरकार के गठन के बाद राज्य के सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक आयोजनों में से एक माना जा रहा है।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि शाह के सोमवार शाम लगभग चार बजे कोलकाता हवाई अड्डा पहुंचने की उम्मीद है।
सूत्रों ने बताया कि शाह के हुगली जिले के जीराट स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पैतृक आवास पर प्रस्तावित 125 फुट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखने की संभावना है। इसके अलावा, वह जनसंघ के संस्थापक को श्रद्धांजलि देने के लिए बिस्वा बांग्ला मेला प्रांगण में आयोजित एक स्मृति कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
दौरे की तैयारियों की समीक्षा इस सप्ताह की शुरुआत में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में की गई थी।
स्मृति कार्यक्रमों में भाग लेने के अलावा, शाह के प्रदेश भाजपा नेतृत्व के साथ संगठनात्मक बैठकें करने की भी संभावना है।
शाह के उसी रात नयी दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।
इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह पूरे देश में पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए बहुत गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए बहुत हर्ष का विषय है। चाहे वह पश्चिम बंगाल का भाजपा कार्यकर्ता हो या दूरदराज लद्दाख का, भाजपा और उसकी विचारधारा से जुड़े हर व्यक्ति के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन माना जा रहा है।’’
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष

Facebook


