शालिनी पांडे ने एआई से बनाए गए वीडियो पर प्रतिक्रिया दी

Ads

शालिनी पांडे ने एआई से बनाए गए वीडियो पर प्रतिक्रिया दी

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 01:29 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 01:29 PM IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) अभिनेत्री शालिनी पांडे ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाए गए अपने फर्जी वीडियो पर प्रतिक्रिया दी और प्रशंसकों व फॉलोअर्स से ऐसी सामग्री की शिकायत करने की अपील की।

अभिनेत्री ने कहा कि अलग-अलग लोगों, खासकर महिलाओं को निशाना बनाने के लिए तकनीक के दुरुपयोग को देखना ‘बेहद परेशान करने वाला’ है। उन्होंने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक नोट साझा करते हुए प्रसारित हो रहे इस वीडियो के मामले पर अपनी बात रखी।

उन्होंने कहा, ‘मैं अपने एआई से बनाए गए एक फर्जी वीडियो के बारे में बात करना चाहती हूं, जो इस समय ऑनलाइन प्रसारित हो रहा है। यह वीडियो पूरी तरह से मनगढ़ंत है और इसमें मैं नहीं हूं। यह बेहद परेशान करने वाला है। मैं इस तरह के दुरुपयोग की कड़ी निंदा करती हूं और मेरा मानना है कि तकनीक के ऐसे गलत इस्तेमाल को कभी सामान्य नहीं माना जाना चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘अगर आपको यह वीडियो दिखाई देता है तो कृपया इसे साझा या डाउनलोड न करें और न ही इस पर ध्यान दें। इसके बजाय तुरंत इसकी शिकायत करें। मैं सभी से जिम्मेदार और सतर्क रहने की अपील करती हूं तथा इस वीडियो के प्रसार को रोकने में मदद करने का अनुरोध करती हूं।’

हाल ही में मृणाल ठाकुर ने भी डीपफेक सामग्री के प्रसार को लेकर अपनी बात रखी थी और कहा था कि वह इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।

सेलिब्रिटीज के एआई से बनाए गए डीपफेक वीडियो और तस्वीरें गंभीर चिंता का विषय हैं, क्योंकि ऑनलाइन मंचों पर इस तरह की सामग्री लगातार बढ़ती जा रही है। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, कैटरीना कैफ, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट समेत कई कलाकार डीपफेक सामग्री के शिकार हो चुके हैं।

भाषा तान्या वैभव

वैभव