शांतमनु ने जम्मू कश्मीर के राज्य चुनाव आयुक्त के रूप में शपथ ली
शांतमनु ने जम्मू कश्मीर के राज्य चुनाव आयुक्त के रूप में शपथ ली
जम्मू, 21 फरवरी (भाषा) पूर्व नौकरशाह शांतमनु ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के राज्य चुनाव आयुक्त के रूप में शपथ ली।
यहां लोक भवन में आयोजित एक समारोह में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी को पद की शपथ दिलाई।
शपथग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर समेत उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी उपस्थित थे। इस दौरान मुख्य सचिव अटल दुल्लू और जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात भी मौजूद थे।
सिन्हा ने 17 फरवरी को शांतमनु को पांच साल की अवधि के लिए या उनके 70 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक (जो भी पहले हो) राज्य के नए चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किया था।
शांतमनु एजीएमयूटी कैडर के 1991 बैच के अधिकारी हैं और हाल ही में जम्मू कश्मीर में अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्तीय आयुक्त के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने बी आर शर्मा का स्थान लिया है, जिनका कार्यकाल अप्रैल 2024 में समाप्त हुआ था।
शांतमनु की नियुक्ति से केंद्र शासित प्रदेश में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद है।
भाषा गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


