रामनगर (कर्नाटक), 14 सितंबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सोमवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बीके हरिप्रसाद को उनकी सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायकों सहित सभी को निमंत्रण भेजा गया था।
मुख्यमंत्री ने अपने गृहनगर कनकपुरा में संवाददाताओं से कहा, ‘हमने सभी को आमंत्रित किया था। जहां तक प्रोटोकॉल का सवाल है, तो मंच पर किसे होना चाहिए, इसके लिए हमारे अपने नियम हैं।’
शिवकुमार ने कहा, ‘जहां तक हमारी पार्टी के अध्यक्ष का सवाल है, पार्टी जो भी निर्देश देती है, हम उसके साथ मिलकर काम करते हैं। हम कई फैसले लेते हैं और मिलकर आगे बढ़ते हैं। हमने अपने सभी पदाधिकारियों और सभी लोगों को निमंत्रण भेजा है।’
यह बयान ऐसे समय आया है, जब ऐसी खबरें सामने आई थीं कि विधान परिषद के सदस्य हरिप्रसाद विधान सौध के बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज थे और उन्होंने यह मुद्दा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के नेताओं के समक्ष उठाया है।
हालांकि, हरिप्रसाद की ओर से इन खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाषा प्रचेता पारुल
पारुल