मां के शव के पास रोती बच्ची के वीडियो से स्तब्ध पटनायक ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने को कहा

Ads

मां के शव के पास रोती बच्ची के वीडियो से स्तब्ध पटनायक ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप करने को कहा

  •  
  • Publish Date - May 6, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - May 6, 2026 / 10:28 PM IST

भुवनेश्वर, छह मई (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में एक गर्भवती महिला के शव के पास रोती हुई तीन साल की बच्ची का वीडियो सामने आने के बाद बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखा और महिला की हत्या मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

गंजाम पुलिस ने मंगलवार को 21 वर्षीय गर्भवती महिला की हत्या के आरोप में दो किशोरों को गिरफ्तार किया है। महिला अपनी बेटी के साथ हिंजिली पुलिस थाने क्षेत्र के खारिदा गांव में अपने ससुराल के सामने धरने पर बैठी थी। यह गांव पटनायक के विधानसभा क्षेत्र में है।

हिंजिली पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक श्रीनिबास सेठी ने बताया, “हमने महिला की हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें उसका 17 वर्षीय देवर भी शामिल है।’’

उन्होंने कहा कि हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली गई है।

पुलिस ने बताया कि महिला के परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार न किए जाने के कारण पोस्टमार्टम के बाद शव को मुर्दाघर में रखा गया है।

सूत्रों के अनुसार, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के निर्देशानुसार तीन वर्षीय बच्ची को बाल देखभाल गृह में रखा गया है।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और मृतक महिला के ससुराल वालों को नोटिस जारी किया गया है। इससे पहले, ससुराल के सामने धरना देने से पहले, महिला ने 19 अप्रैल को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश