सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी की समस्या एक सप्ताह में होगी दूर: स्वास्थ्य मंत्री

Ads

सरकारी अस्पतालों में दवाओं की कमी की समस्या एक सप्ताह में होगी दूर: स्वास्थ्य मंत्री

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 04:53 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 29 सितंबर (भाषा) केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने मंगलवार को कहा कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में केवल 18 दवाओं की कमी है और इसे एक सप्ताह के भीतर दूर कर लिया जाएगा।

मंत्री का यह स्पष्टीकरण माकपा के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन द्वारा सोमवार को सरकारी अस्पतालों में जरूरी दवाओं समेत सभी दवाओं की भारी कमी होने के आरोप के एक दिन बाद आया।

मुरलीधरन ने संवाददाताओं से कहा कि सभी दवाओं का हर समय भंडार में रहना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल 18 दवाओं की कमी है और इसे एक सप्ताह के भीतर दूर कर लिया जाएगा। केरलम मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (केएमएससीएल) को निर्देश जारी किए गए हैं।’’

मंत्री ने कहा कि मीडिया जिला स्तर पर संबंधित जिला चिकित्सा अधिकारियों (डीएमओ) या राज्य स्तर पर स्वास्थ्य सेवा निदेशक (डीएचएस) से संपर्क कर यह पता कर सकता है कि किन दवाओं की कमी है।

मुरलीधरन ने कुछ दवाओं की कमी की बात स्वीकार की, हालांकि पिछले सप्ताह उन्होंने दावा किया था कि सरकारी अस्पतालों में सभी दवाओं का पर्याप्त भंडार है।

विजयन ने सोमवार को आरोप लगाया था कि राज्य के सरकारी अस्पतालों में दवाओं की भारी कमी है और प्रशासन इसे छिपाने की कोशिश कर रहा है।

भाषा राखी नरेश

नरेश