नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- ‘कितना अहंकार है’

Ads

नड्डा के बयान पर सिब्बल का हमला, बोले- ‘कितना अहंकार है’

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 11:24 AM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 11:24 AM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार को बातचीत का प्रस्ताव मिला।

सिब्बल ने सवाल किया कि जब ‘‘अनशन कर रहे हमारे बच्चों की मांगें’’ सभी को पता थीं, तो क्या सरकार उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करने का इंतजार कर रही थी।

हजारों प्रदर्शनकारियों द्वारा संसद की ओर मार्च करने की कोशिश और पुलिस द्वारा उन्हें रोके जाने के बाद केंद्र सरकार और प्रदर्शनरत कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के बीच सोमवार को पहली प्रत्यक्ष वार्ता हुई। इस दौरान नड्डा ने संगठन के दो प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

नड्डा ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सरकार का शीर्ष नेतृत्व उनकी मांगों पर आंतरिक स्तर पर विचार करेगा।

कॉजपा के अनुसार, यह आश्वासन तब मिला जब उसके प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरभ दास ने नड्डा से उनके आवास पर दो घंटे के भीतर दो बार मुलाकात की। संगठन का कहना है कि नड्डा ने सरकार के प्रतिनिधि के रूप में उनसे बातचीत की।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए सिब्बल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘नड्डा (ने कहा): प्रदर्शनकारियों की तरफ से पहली बार सरकार को बातचीत का प्रस्ताव आया। कितना अहंकार है।’’

निर्दलीय राज्यसभा सदस्य ने लिखा, ‘‘अनशन कर रहे हमारे बच्चों की मांगें सभी को पता थीं। सरकार क्या कर रही थी? क्या वह सिर्फ देख रही थी और उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ने तथा लाठीचार्ज करने का इंतजार कर रही थी? यह शर्मनाक है।’’

सरकार और युवाओं के नेतृत्व वाले कॉजपा के बीच यह पहला सीधा संपर्क उस दिन हुआ, जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर मार्च करने से रोकने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया।

भाषा खारी शफीक

शफीक