सिद्धरमैया ने अधिकारियों को कन्नड़ फिल्म ‘लैंडलॉर्ड’ को कर छूट देने का निर्देश दिया
सिद्धरमैया ने अधिकारियों को कन्नड़ फिल्म 'लैंडलॉर्ड' को कर छूट देने का निर्देश दिया
बेंगलुरु, तीन फरवरी (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों को हाल ही में रिलीज हुई कन्नड़ फिल्म ‘लैंडलॉर्ड’ को कर छूट देने का निर्देश दिया और कहा कि यह फिल्म सामाजिक असमानता और जाति-आधारित शोषण के विषयों पर आधारित है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री ने उम्मीद जतायी कि यह निर्णय आने वाले दिनों में सामाजिक मुद्दों पर प्रकाश डालने वाली ‘लैंडलॉर्ड’ जैसी और अधिक फिल्में बनाने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा, ‘मैंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे सामाजिक असमानता और जाति-आधारित शोषण के विषयों पर आधारित डी विजय अभिनीत फिल्म ‘लैंडलॉर्ड’ को कर छूट प्रदान करें।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि सिनेमा, जनता तक सार्थक संदेश पहुंचाने, जनमत को आकार देने और सामाजिक परिवर्तन लाने का एक अत्यंत प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा, ‘जब फिल्में सामाजिक मुद्दों को उठाती हैं तो सरकार के रूप में ऐसे प्रयासों का समर्थन करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।’
कन्नड़ फिल्म ‘लैंडलॉर्ड’ 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


