सिद्धरमैया ने इस्तीफा देने के बाद धन्यवाद देते हुए भावुक पोस्ट किया

Ads

सिद्धरमैया ने इस्तीफा देने के बाद धन्यवाद देते हुए भावुक पोस्ट किया

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 07:25 PM IST

(तस्वीर के साथ)

बेंगलुरु, 28 मई (भाषा) कांग्रेस नेता सिद्धरमैया ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कर्नाटक की जनता को राज्य प्रशासन के प्रमुख के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान उनके द्वारा दिये गये प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए सोशल मीडिया पर भावुक संदेश लिखा।

सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह एक सभा के सामने हाथ जोड़कर खड़े हैं और आभार व्यक्त कर रहे हैं।

उन्होंने लिखा, “धन्यवाद। आपका प्यार। आपका भरोसा। मेरी सदैव की शक्ति।”

यह संदेश तस्वीर पर उनके हस्ताक्षर के साथ दिखाई दिया।

सिद्धरमैया ने मुश्किल समय में साथ देने के लिए लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, “मैं कर्नाटक के लोगों के सामने सिर झुकाता हूं—लाखों स्नेही हृदयों ने मुझे अपने ही एक सदस्य की तरह माना, मुझे आशीर्वाद दिया, मेरा हौसला बढ़ाया, मेरी गलतियों को सुधारा, मुश्किल समय में मेरा साथ दिया और इस लंबी यात्रा में मेरा हाथ थामे रखा। आज मैं जो कुछ भी हूं, आप सबकी वजह से ही हूं।”

सिद्धरमैया ने कहा कि संविधान उनका धर्म है और जनता उनकी ईश्वर है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका इस्तीफा केवल मुख्यमंत्री पद से है, न कि सार्वजनिक जीवन या जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से।

उन्होंने कहा, “अपनी अंतिम सांस तक, मैं सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष करता रहूंगा और विभाजनकारी सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ खड़ा रहूंगा। इस यात्रा के हर कदम पर आपके प्यार, विश्वास और साथ के लिए धन्यवाद।”

कांग्रेस आलाकमान द्वारा पद छोड़ने के लिए कहे जाने के दो दिन बाद सिद्धरमैया ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश