गंगटोक, 18 मार्च (भाषा) राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने गंगटोक से लगभग 29 किलोमीटर दूर बरदांग में बुधवार को सिक्किम प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। सिक्किम प्रेरणा स्थल अक्टूबर 2023 में ‘ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ में जान गंवाने वाले भारतीय सेना के 22 जवानों की याद में बनाया गया स्मारक है।
‘ग्लेशियर लेक आउटबर्स्ट फ्लड’ ग्लेशियर से बनी झीलों में अचानक आयी विनाशकारी बाढ़ है।
इस स्मारक की परिकल्पना राज्यपाल सचिवालय द्वारा की गई थी और इसका निर्माण भारतीय सेना द्वारा राज्य सरकार के सहयोग से और सेलो फाउंडेशन के सीएसआर समर्थन से किया गया था।
इस स्थल पर सिक्किम की सीमाओं के साथ 13 अभियानों में शहीद हुए 294 सैनिकों के नाम भी अंकित हैं और यह केंद्र की ‘रणभूमि दर्शन’ पहल का हिस्सा है जिसका उद्देश्य डोकाला और चो ला जैसे पर्यटक स्थलों सहित युद्धक्षेत्र पर्यटन को बढ़ावा देना है।
सभा को संबोधित करते हुए माथुर ने कहा कि हालांकि लोग 1962 के भारत-चीन युद्ध से काफी हद तक परिचित हैं, लेकिन 1967 के संघर्षों के दौरान भारतीय सैनिकों द्वारा किए गए बलिदानों से कई लोग अनभिज्ञ हैं।
उन्होंने कहा, ‘अपने वीर शहीदों को यह श्रद्धांजलि देकर हम दुनिया को यह बताएंगे कि नाथुला, चो ला और डोकाला की सीमाओं पर कितना खून बहाया गया था।’
उन्होंने कहा, ‘आज का दिन न केवल सिक्किम के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक महान दिन है, क्योंकि आज हम उन शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं जिन्होंने सिक्किम की सीमाओं पर साहस और दृढ़ संकल्प के साथ युद्ध लड़ा और चीन को एक इंच भी जमीन नहीं दी। आज हम उन बहादुर आत्माओं को नमन करते हैं।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश