गंगटोक, 12 मार्च (भाषा) सिक्किम का पहला अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 19 से 22 मार्च तक राज्य की राजधानी गंगटोक में आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि फिल्म महोत्सव का आयोजन सिक्किम सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और भारतीय राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के सहयोग से किया जाएगा।
सिक्किम के संगीत, नाटक, नृत्य और फिल्म बोर्ड के अध्यक्ष टी. टी. भूटिया ने पत्रकारों को बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य सिनेमा कला का जश्न मनाना और सिक्किम को फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए एक उभरते गंतव्य के रूप में बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव की परिकल्पना एक ऐसे मंच के रूप में की गई है जो देश और विदेश के फिल्म निर्माताओं, कलाकारों, आलोचकों और सिनेमा प्रेमियों को एक साथ लाएगा, जिससे विविध सिनेमाई अभिव्यक्तियों के लिए संवाद, सहयोग और सराहना को बढ़ावा मिलेगा।
भूटिया ने कहा कि सिक्किम अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत राज्य द्वारा फिल्म संस्कृति को मजबूत करने और रचनात्मक प्रतिभाओं के लिए एक सार्थक मंच प्रदान करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश