सिक्किम: सोशल मीडिया पर आईएस की विचारधारा फैलाने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
सिक्किम: सोशल मीडिया पर आईएस की विचारधारा फैलाने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार
गंगटोक, 30 जून (भाषा) सिक्किम की राजधानी में 19 वर्षीय एक युवक को सोशल मीडिया के माध्यम से इस्लामिक स्टेट (आईएस) आतंकी संगठन की विचारधारा फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ ‘गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जून के शुरुआती दिनों में चरमपंथी विचारधारा के प्रचार-प्रसार की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि ‘इंस्टाग्राम’ पर ‘ग्रुप ऑफ इस्लामिक मेंबर्स’ नाम के एक अकाउंट का इस्तेमाल युवाओं के बीच इस्लामिक स्टेट की विचारधारा फैलाने के लिए किया जा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पूछताछ के लिए छह लोगों को हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें से मोहम्मद अर्जू (19) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ यूएपीए, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि अन्य पांच लोगों को जमानती मुचलकों पर रिहा कर दिया गया, लेकिन उन्हें इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान अर्जू के टालमटोल भरे जवाबों से संदेह उत्पन्न हुआ, जिसके बाद जांचकर्ताओं ने उसके सामान की जांच की।
उन्होंने बताया कि इस दौरान एक मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए।
अधिकारी ने बताया कि मोबाइल फोन से कई आपत्तिजनक सामग्री मिलीं और ‘एक्स’, ‘इंस्टाग्राम’ तथा ‘टेलीग्राम’ पर उसके खातों के नाम इस्लामिक स्टेट की ओर संकेत करने वाले थे।
उन्होंने बताया कि ‘इंस्टाग्राम’ पर ‘ग्रुप ऑफ इस्लामिक मेंबर्स’ नाम के समूह में उग्रवादी संगठनों को धन मुहैया कराने और नकली मुद्रा के प्रसार जैसे विषयों पर चर्चा होती थी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी के फोन में पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों के साथ व्हाट्सऐप पर चैट भी मिली हैं।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


