सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों को सतर्क रहने और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए

Ads

सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के अधिकारियों को सतर्क रहने और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 08:09 PM IST

श्रीनगर, तीन मार्च (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस और नागरिक प्रशासन के अधिकारियों को इस केंद्र शासित प्रदेश में उच्च चौकसी बरतने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का शुक्रवार को निर्देश दिया।

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘(मैंने) कश्मीर के पुलिस नियंत्रण कक्ष में वरिष्ठ पुलिस और नागरिक प्रशासन अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की, ताकि कानून और व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की जा सके। अधिकारियों को उच्च सतर्कता बनाए रखने और सार्वजनिक शांति और सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।’’

उन्होंने नागरिकों और नेताओं से सद्भाव बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि शांतिपूर्ण माहौल कायम रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं नागरिकों और समुदाय के नेताओं से अपील करता हूं कि वे सौहार्द बनाए रखें और समाज में शांति और सद्भावना का वातावरण बनाने में योगदान दें। शांति बनाए रखना और समाज की प्रगति को कायम रखना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।’’

सिन्हा ने यहां शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में केंद्र शासित प्रदेश के सुरक्षा हालात की समीक्षा की।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘उपराज्यपाल ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा हालात पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।’’

अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के खिलाफ कश्मीर और जम्मू के कुछ हिस्सों में व्यापक प्रदर्शनों के मद्देनजर यह बैठक बुलाई गई।

यहां लोक भवन में हुई बैठक में उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, लेफ्टिनेंट जनरल प्रशांत श्रीवास्तव और मेजर जनरल बलबीर सिंह शामिल हुए।

भाषा सुरेश नरेश

नरेश