एसआईआर-2026 : कर्नाटक में 1.1 करोड़ मतदाता ‘एएसडीडीओ’ के तौर पर चिह्नित

एसआईआर-2026 : कर्नाटक में 1.1 करोड़ मतदाता ‘एएसडीडीओ’ के तौर पर चिह्नित

एसआईआर-2026 : कर्नाटक में 1.1 करोड़ मतदाता ‘एएसडीडीओ’ के तौर पर चिह्नित
Modified Date: August 5, 2026 / 08:28 pm IST
Published Date: August 5, 2026 8:28 pm IST

बेंगलुरु, पांच अगस्त (भाषा) कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 1.11 करोड़ से अधिक मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, दोहराव/पहले से पंजीकृत और अन्य श्रेणियों (एएसडीडीओ) में रखा गया है तथा इनमें से भी करीब 50 लाख से अधिक मतदाता बेंगलुरु के चार क्षेत्रों से हैं।

निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया कि इन मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से हटाया नहीं गया है, लेकिन अभी सत्यापन किया जाना बाकी है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वी. अंबुकुमार ने बताया कि राज्य में गणना प्रपत्र वितरण का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो चुका है, जबकि बुधवार अपराह्न दो बजे तक इन गणना प्रपत्रों को डिजिटल स्वरूप में दर्ज करने का 79.93 प्रतिशत कार्य हो चुका है।

उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘16 जून 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक मतदाता सूची में 5,54,32,314 मतदाता पंजीकृत हैं। गणना प्रपत्र मुद्रित कर बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) तक पहुंचा दिए गए थे।’’

विज्ञप्ति के मुताबिक, 4.43 करोड़ गणना प्रपत्रों को डिजिटल स्वरूप में परिवर्तित कर दिया गया है जबकि एएसडीडीओ श्रेणी में शामिल मतदाताओं सहित करीब 5.54 करोड़ प्रपत्रों से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

सीईओ के मुताबिक, कुल 1.11 करोड़ मतदाताओं (जो कुल मतदाताओं का 20.03 प्रतिशत हैं) को एएसडीडीओ की श्रेणी में रखा गया है और इनमें से केवल 22,977 के गणना प्रपत्रों (यानी 0.04 प्रतिशत) को डिजिटल स्वरूप में तब्दील नहीं किया जा सका।

विज्ञप्ति में कहा गया कि एएसडीडीओ क्षेत्र में रखे गए मतदाताओें में 66,64,943 स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके हैं, 16,30,012 मतदाता अनुपस्थित रहे या उनका पता नहीं लगाया जा सका, 16,30,872 मतदाताओं का निधन हो चुका है। 6,89,904 ऐसे मतदाता हैं जिनका नाम पहले से ही कहीं और दर्ज है और अन्य कारणों से इस श्रेणी में रखे गए मतदाताओें की संख्या 4,88,974 है।

इसमें कहा गया कि एएसडीडीओ श्रेणी में रखे गए नामों की जानकारी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है और सत्यापन के लिए बीएलओ को भी संबंधित सूची उपलब्ध कराई गई है।

सीईओ की विज्ञप्ति के मुताबिक, जिन मतदाताओं को त्रृटिपूर्ण तरीके से एएसडीडीओ की श्रेणी में रखा गया है वे आठ अगस्त तक बीएलओ या मतदाता पंजीकरण अधिकारी के ज़रिए अपने गणना प्रपत्र को सही श्रेणी में दर्ज करा सकते हैं।

जिलेवार आंकड़ों के अनुसार, एएसडीडीओ श्रेणी के तहत सूचीबद्ध मतदाताओं की सबसे अधिक संख्या बेंगलुरु में है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बेंगलुरु नगरीय क्षेत्र में ऐसे 18,13,010 मतदाता (45.09 प्रतिशत) हैं, तथा बृहद बेंगलुरु महापालिका (बीबीएमपी) दक्षिण में 11,07,678 (51.65 प्रतिशत), बीबीएमपी उत्तर में 11,07,027 (47.46 प्रतिशत) और बीबीएमपी मध्य में 9,15,035 (48.42 प्रतिशत) मतदाताओं को एएसडीडीओ श्रेणी में रखा गया है।

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में