‘धर्मस्थल’ मामले में एसआईटी को जल्द जांच पूरी करने को कहा गया है : मंत्री परमेश्वर

‘धर्मस्थल’ मामले में एसआईटी को जल्द जांच पूरी करने को कहा गया है : मंत्री परमेश्वर

‘धर्मस्थल’ मामले में एसआईटी को जल्द जांच पूरी करने को कहा गया है : मंत्री परमेश्वर
Modified Date: October 6, 2025 / 03:29 pm IST
Published Date: October 6, 2025 3:29 pm IST

बेंगलुरु, छह अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने सोमवार को कहा कि ‘धर्मस्थल’ शहर में ‘‘कई हत्याओं, दुष्कर्म और शवों को दफनाने’’ के आरोपों की जांच कर रही एसआईटी को जल्द से जल्द जांच पूरी करने और अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष जांच दल (एसआइटी) के लिए कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं की गई है, क्योंकि कुछ विश्लेषण करने में समय लगता है।

परमेश्वर ने यहां एक प्रश्न के उत्तर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अंतिम रिपोर्ट जल्द सौंपने को कहा है, लेकिन यह तय नहीं किया है कि कितनी जल्दी। हमने उन्हें (एसआईटी को) इसे जल्द पूरा करने को कहा है। हम उन्हें जांच के बारे में निर्देश नहीं दे सकते। हमने उनसे केवल इसे जल्द पूरा करने को कहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कार्य प्रगति पर है। कुछ विश्लेषण करने होंगे, जैसे डीएनए और रासायनिक विश्लेषण। इनमें समय लगता है। इसलिए हम उन्हें मजबूर नहीं कर सकते… कुछ प्रक्रियाएं हैं। हमने इसे प्राथमिकता देते हुए फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) से जल्द रिपोर्ट मांगी है।’’

झूठी गवाही देने के आरोप में गिरफ्तार सी. एन. चिन्नैया नामक एक शिकायतकर्ता ने दावा किया था कि उसने पिछले दो दशकों में ‘धर्मस्थल’ में कई शवों को दफनाया है जिनमें यौन उत्पीड़न पीड़िताओं के शव भी शामिल हैं।

ये आरोप स्थानीय मंदिर के प्रशासकों की ओर इशारा करते हैं।

आरोपों की जांच के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित एसआईटी ने ‘धर्मस्थल’ में नेत्रवती नदी के किनारे वन क्षेत्रों में शिकायतकर्ता द्वारा बताये गए कई स्थानों पर खोजबीन अभियान चलाया, जहां दो स्थानों पर कंकाल मिले।

हाल में, एसआईटी ने नेत्रवती घाट के पास बंगलेगुड्डे वन क्षेत्र में खोजबीन अभियान के दौरान फिर से कुछ कंकाल बरामद किए।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में