नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के छह विधायकों को सदन से मार्शल की मदद से बाहर कर दिया गया। यह कार्रवाई विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता द्वारा विधायकों को ‘‘आपत्तिजनक’’ टी-शर्ट उतारने के निर्देश दिए जाने के बाद की गई।
सदन से बाहर किए गए विधायकों में संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार, प्रेम कुमार, सोम दत्त और अजय दत्त शामिल हैं।
कार्यवाही शुरू होने पर विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने आप विधायकों के टी-शर्ट पहनकर सदन में आने पर आपत्ति जताई जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने सदन में हंगामा शुरू कर दिया।
अध्यक्ष गुप्ता ने कहा कि विपक्ष ने सदन में जनहित के मुद्दे पर चल रही चर्चा में बाधा डाली, इसलिए उन्हें मार्शल की मदद से बाहर किया जा रहा है।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने भी अध्यक्ष से आप विधायकों को सदन की कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बार-बार अनुरोध के बावजूद विधायक नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
इसके बाद आप विधायकों ने भाजपा सरकार के कथित साइकिल घोटाले को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद उन्हें सदन से बाहर कर दिया गया।
विधानसभा अध्यक्ष गुप्ता ने कहा, ‘‘नियमों में स्पष्ट है कि सदन में असंसदीय भाषा को स्वीकार नहीं किया जाएगा। यह बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।’’
विधानसभा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष आतिशी की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाया और विपक्ष से सदन में अपना नेता तय करने को कहा।
भाषा मनीषा माधव
माधव