कानपुर (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) कानपुर में कथित तौर पर एक तंबाकू कारोबारी के बेटे द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार ने राहगीरों को टक्कर मार दी जिससे छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को इस मामले में एक ‘‘अज्ञात व्यक्ति’’ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
शहर के पॉश इलाके ग्वालटोली की ‘वीआईपी रोड’ पर रविवार को हुई इस भयावह घटना को याद करते हुए चश्मदीदों ने बताया कि कार ने पहले एक ऑटो-रिक्शा को टक्कर मारी और फिर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल से जा टकराई, जिससे मोटरसाइकिल सवार करीब 10 फुट तक हवा में उछल गया।
उन्होंने बताया कि कार मोटरसाइकिल के अगले पहिये पर चढ़ गई और उसे कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई, इसके बाद वह एक बिजली के खंभे से टकराकर रुक गई।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि घटना के सिलसिले में अभी किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह पूछे जाने पर कि क्या हादसे के समय चालक नशे में था, अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा।
श्रीवास्तव ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह हादसा दोपहर करीब सवा तीन बजे रेव-3 मॉल के पास हुआ, जब कथित तौर पर कारोबारी के.के. मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा द्वारा चलाई जा रही लग्जरी कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़े लोगों तथा कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।’’
के.के. मिश्रा ‘बंशीधर एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड’ के मालिक हैं, जो इलाके में गुटखा बनाने वालों को तंबाकू की आपूर्ति करती है।
पुलिस के मुताबिक, घायलों में से एक यमुनागंज निवासी तौफीक कई मीटर दूर जा गिरा और उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं। बाकी घायलों को फ्रैक्चर और मामूली चोटें आई हैं।
हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और कार को घेर लिया, लेकिन लोगों के डर से चालक कार से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर पाया।
चश्मदीदों का आरोप है कि आरोपी के साथ मौजूद बाउंसर ने भीड़ को पीछे धकेलने की कोशिश की और अभद्र व्यवहार किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, चालक को निकालकर अपने साथ ले गई और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त लैंबॉर्गिनी कार को जब्त कर पुलिस थाने ले जाया गया।
पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस थाने में आरोपी के साथियों ने बदसलूकी की और दावा किया कि आरोपी के परिवार के प्रभाव के कारण पुलिस उसके साथ नरमी बरत रही है। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि समझौता कराने का दबाव डाला जा रहा है।
घायलों में शामिल सोनू त्रिपाठी ने संवाददाताओं को बताया कि वह और उनका चचेरा भाई अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े थे, तभी कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
उन्होंने कहा कि उनके चचेरे भाई नीचे गिर पड़े और दो अन्य लोग उछलकर फुटपाथ पर जा गिरे।
सोनू त्रिपाठी ने कहा, ‘‘हमने इसकी शिकायत दर्ज करा दी है।’’
भाषा अभिनव जफर खारी
खारी