इंफाल, 27 अगस्त (एपी) मणिपुर के इंफाल वेस्ट जिले से सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठन कांग्लेई यावोल कान्बा लूप (केवाईकेएल) के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, केवाईकेएल के छह सदस्यों को सोमवार रात जिले के अवांग पोत्संगबाम इलाके से गिरफ्तार किया गया।
इसमें कहा गया है कि सुरक्षाबलों ने उनके पास से बंदूक पर लगाए जाने वाले तीन लेंस, सैन्य वर्दी, गोला-बारूद और चार पहिया वाहन बरामद किया है।
बयान के अनुसार, केवाईकेएल सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षाबलों ने कुछ जगहों पर छापेमारी की और एक सिंगल बैरल बंदूक, एक डबल बैरल बंदूक, 75 जिंदा कारतूस, एके-47 की तीन भरी हुई मैगजीन, सात वायरलेस वॉकी-टॉकी सेट और अन्य सामग्री बरामद की।
भाषा
यासिर पारुल
पारुल