नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने छात्र संघ के अध्यक्ष आर्यन मान के निजी सुरक्षाकर्मियों पर लगे आरोपों की जांच के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया है। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ‘‘हथियार’’ लेकर ग्वायर हॉल छात्रावास में घुस गए और वहां छात्रों को धमकी दी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई छात्रावास के विद्यार्थियों की लिखित शिकायत के बाद की गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि मान के साथियों ने परिसर के कुछ हिस्सों पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था और वैध भोजन कूपन के बिना अक्सर मेस का उपयोग करते थे।
विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर मनोज कुमार के अनुसार यह घटना 23 फरवरी को मेस कूपन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। वहां रहने वाले छात्रों का दावा है कि सोमवार रात को मेस कर्मचारी और मान के साथियों के बीच कहासुनी होने पर विवाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि एक साथी ने मेस कूपन की पूरी पुस्तिका कथित तौर पर छीन ली।
कुमार ने कहा, ‘‘हमने छात्रावास समिति से सीसीटीवी फुटेज समेत सभी आवश्यक सबूत प्रस्तुत करने को कहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उस दिन वास्तव में क्या हुआ था।’’
उन्होंने कहा कि छात्रावास से एक छात्र प्रतिनिधि को जांच समिति में शामिल किया गया है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित वीडियो में ग्वायर हॉल छात्रावास के बाहर छात्रों की भीड़ को नारे लगाते और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के पदाधिकारियों को निष्कासित करने की मांग करते हुए देखा जा सकता है।
मान ने इस घटना पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘सभी सबूतों की जांच करने के बाद जांच समिति जल्द ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचेगी।’’
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश