हैदराबाद, 30 अप्रैल (भाषा) हैदराबाद के शंकरपल्ली-पटनचेरु मार्ग पर कथित क्रूरता का एक मामला सामने आया है, जहां दो पशु कल्याण संस्थाओं (एनजीओ) ने साइबेरियाई हस्की प्रजाति के छह कुत्तों को बचाया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक पशु कल्याण संस्था ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से दावा किया कि एक कंटेनर में 40 से अधिक साइबेरियाई हस्की लाए गए थे, जिन्हें कथित तौर पर इस इलाके में लावारिस छोड़ दिया गया।
संस्था ने यह भी दावा किया कि इनमें से एक कुत्ता मृत पाया गया है।
संस्था का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कुत्तों को छोड़ने के लिए कौन जिम्मेदार है, लेकिन उन्होंने इस मामले में पशु प्रजनकों या अनुसंधान प्रयोगशालाओं की संलिप्तता का संदेह जताया है।
सूत्रों के अनुसार, साइबेरियाई हस्की ठंडी जलवायु वाले क्षेत्रों में पाए जाने वाले कुत्तों की नस्ल है और भारत का गर्म मौसम इनके लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। देश में इस नस्ल के कुत्तों की कीमत 40,000 रुपये और उससे अधिक है।
दूसरी ओर, पुलिस ने कहा कि इलाके में इतने बड़े पैमाने पर कुत्तों को छोड़े जाने के दावों का फिलहाल कोई सबूत नहीं मिला है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में पहले से कोई सूचना नहीं मिली थी। उन्होंने यह भी कहा कि शंकरपल्ली-पटनचेरु मार्ग एक व्यस्त रास्ता है।
अधिकारी ने कहा कि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि कुत्ते उस स्थान तक कैसे पहुंचे। उन्होंने संभावना जताई कि किसी प्रजनक (संवर्धक) ने इन्हें वहां छोड़ा होगा, हालांकि इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस के मुताबिक, उन्हें एनजीओ द्वारा मामले की जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
भाषा सुमित संतोष
संतोष