बदायूं में ट्रैक्टर ने स्कूल वाहन को मारी टक्कर, छह छात्र घायल
बदायूं में ट्रैक्टर ने स्कूल वाहन को मारी टक्कर, छह छात्र घायल
बदायूं (उप्र), 30 सितंबर (भाषा) जनपद बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने स्कूली बच्चों को ले जा रहे ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में छह छात्र घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने सभी घायल छात्रों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सहसवान-नाधा मार्ग पर मानकपुर गांव के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुआ।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कुमार कठेरिया ने बताया कि सभी घायल बच्चे इब्राहिमपुर गढ़ी गांव के रहने वाले हैं।
घायलों की पहचान भगवती (16), किशनपाल (13), प्रीति यादव (17), नंदकिशोर (12), रामगोपाल (14) और रजनी (11) के रूप में हुई है।
भाषा सं जफर शफीक
शफीक

Facebook


