विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में पिघला हुआ लोहा गिरने से छह श्रमिकों की मौत

Ads

विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र में पिघला हुआ लोहा गिरने से छह श्रमिकों की मौत

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 07:35 PM IST

विशाखापत्तनम, आठ जून (भाषा) विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र के नाम से जाने जाने वाले राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के परिसर में सोमवार को पिघला हुए लोहा गिरने से कम से कम छह श्रमिकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विशाखापत्तनम के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव के साथ साझा की गई जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम 6:30 बजे तक इस्पात संयंत्र से छह श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें से चार को जनरल अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्त में कहा गया है, “इस्पात संयंत्र के जनरल अस्पताल को कुल छह लोगों की मौत की सूचना मिली है।”

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “बचाव अभियान जारी है।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में हादसे में कई श्रमिकों की मौत की बात कही गई है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख जाहिर किया है। उन्होंने सभी विभागों को बचाव अभियान में आपसी तालमेल के साथ काम करने का निर्देश दिया है।

पुलिस के अनुसार, बाल्टी में रखे पिघले लोहे को क्रेन से ले जाया जा रहा था, तभी यह श्रमिकों के ऊपर गिर गया।

पुलिस ने बताया कि पिघला हुआ लोहा बेहद गर्म था और उसका तापमान लगभग 1,600 डिग्री सेल्सियस था।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप